
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। हादसा जिले के चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। मृतकों में एक ही गांव के तीन सगे भाई भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना देर रात करीब दो बजे हुई। बोलेरो वाहन (एचपी-01सी-2581) में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं, तीन पुरुष और चालक शामिल था। सभी ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के निवासी थे और काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
एडिशनल एसपी चंबा दिनेश कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे पर चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हुई है, जबकि वाहन चालक भी हादसे का शिकार हो गया। विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र में क्रैश बैरियर की कमी कई बार दुर्घटनाओं का कारण बनती है और लोक निर्माण विभाग को इस दिशा में गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
वहीं, चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







