
उत्तराखंड में मानसून के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान भी चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है और 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि मानसून के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बीकेटीसी की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक बदरीनाथ धाम में 16,86,438 और केदारनाथ धाम में 14,75,679 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों को मिलाकर अब तक 31,62,117 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यात्रा के लिए अभी करीब दो माह का समय शेष है, ऐसे में आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। मुलाकात के दौरान मानसून के बाद यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए की जा रही तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद भी मौजूद रहे।







