
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोगों की जान जा रही है। मंगलवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले में भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
हादसे के समय वाहन में रोहित पुत्र जगत सिंह (26), मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह (65) और विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह (42) सवार थे। रेस्क्यू के दौरान रोहित घायल अवस्था में मिले, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन गहरी खाई में गिरने के कारण राहत एवं बचाव दल के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां थीं। DDRF और SDRF के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर तीनों लोगों को बाहर निकाला। घायल रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया।
सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दो लोगों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। फिलहाल वाहन दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित स्तर पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान पूरा कर घायल को अस्पताल पहुंचा दिया है, जबकि मृतकों के शवों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







