
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को हल्द्वानी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला मानसून के दौरान उफान पर आने के कारण लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। बारिश के मौसम में नाला उफान पर आने से आवागमन बाधित हो जाता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब नए पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पुल के लोकार्पण के बाद क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। मुख्यमंत्री के हल्द्वानी पहुंचने पर हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।







