उत्तराखंड में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन शुरू, बदरीनाथ से कुमाऊं तक निकलेगी न्याय यात्रा

उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा के जरिए पार्टी ने प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। यात्रा के शुभारंभ पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश में भ्रष्टाचार, दुराचार और अन्याय बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भगवान बदरी विशाल के दरबार से उठी न्याय की आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊं और तराई तक पहुंचेगी। कांग्रेस जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता के मुद्दों को लेकर इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएगी।

कांग्रेस की योजना के अनुसार, गढ़वाल क्षेत्र में न्याय यात्रा बदरीनाथ से शुरू होकर जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगी। इसके बाद नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में यात्रा निकाली जाएगी। 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल में यात्रा आयोजित की जाएगी।

वहीं, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक प्रस्तावित है। कांग्रेस इस अभियान के जरिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाएगी।

कांग्रेस प्रदेश में चार चरणों में न्याय यात्रा निकाल रही है। कुमाऊं मंडल में यात्रा का शुभारंभ अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इस चरण में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।

कुमाऊं में प्रस्तावित यात्रा का रूट रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा, रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर से होकर गुजरेगा। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को उठाकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य जनता के बीच पहुंचकर भ्रष्टाचार, अन्याय और जनहित से जुड़े सवालों पर सरकार को घेरना है।