
उत्तराखंड में देहरादून-मसूरी मार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव नदी के समीप होने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया।
एसएसआई सतेंद्र भाटी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के निकट एक कार खड़ी है और उसके नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार कोहली मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे। इसके बाद पानीवाला बैंड के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली और उनका शव गहरी खाई में पड़ा हुआ था।
पुलिस को कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
शव काफी नीचे खाई में होने के कारण पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्गम और गहरी खाई में उतरकर जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







