छात्रा के कागजात सत्यापन में विवाद, पुलिसकर्मी घायल, तीन हिरासत में

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रम्पुरा बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रा की मार्कशीट और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर कुछ लोगों ने हाथापाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, रम्पुरा चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मी वार्ड-24 स्थित जीएस पब्लिक स्कूल में एक छात्रा के दस्तावेजों की जांच के लिए पहुंचे थे। स्कूल में प्रधानाचार्य के मौजूद न होने पर पुलिस टीम उनके घर पहुंची, जो रम्पुरा बस्ती में ही स्थित है।

वहीं, घर पर पहले से कुछ महिलाएं मौजूद थीं। पुलिसकर्मियों ने जब दस्तावेजों की जांच शुरू की तो अभिलेखों और मौके की स्थिति में अंतर सामने आया। इसी दौरान पुलिस और मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक सिपाही की वर्दी फट गई, जबकि दूसरे सिपाही का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर माहौल शांत कराया।

कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि पुलिस टीम सरकारी ड्यूटी के तहत दस्तावेजों का सत्यापन करने गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।