पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, फायरिंग में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त; आरोपी के पैर में लगी गोली

नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस की दबिश के दौरान छिपे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस के लिए वांटेड था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश देने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आरोपी हाथीडंगर वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल की ओर भागकर छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल में उसकी घेराबंदी की तो उसने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाते हुए करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

बदमाश की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया और पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चंदन सागर के सीधे पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार, देर रात एक युवक को पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। गोली पैर के आर-पार निकल गई थी। चिकित्सकीय टीम ने उसका उपचार किया, जिसके बाद पुलिस आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। वह हाल ही में रामनगर में हुई एक घटना का भी आरोपी था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया है।