शादी के लिए कोतवाली में अड़ी युवती, गर्भवती होने का दावा सुन पुलिस भी रह गई हैरान

उत्तराखंड के हल्द्वानी में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप का मामला कोतवाली पहुंच गया। एक युवती ने अल्मोड़ा निवासी युवक पर शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाने का आरोप लगाया और उससे विवाह कराने की मांग को लेकर अड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे कोतवाली परिसर में कई घंटे तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

पुलिस के मुताबिक, युवती ने बताया कि आरोपी युवक मूल रूप से अल्मोड़ा का रहने वाला है और फिलहाल हल्द्वानी में नौकरी करता है। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने यह भी दावा किया कि वह दो माह की गर्भवती है।

मामले की सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी की मांग पर अड़ी रही। उसका कहना था कि यदि युवक विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ तो वह उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराएगी।

पूछताछ के दौरान युवक की बहन भावुक होकर रोने लगी। वह अपने भाई की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम को लेकर व्यथित नजर आई। परिजन लगातार माहौल शांत कराने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटे रहे।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद देर शाम दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। समझौते के बाद युवती ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी और कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं और तहरीर न मिलने के कारण किसी प्रकार की एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवती की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने के बाद उसने कार्रवाई कराने से मना कर दिया, जिसके चलते मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।