हल्द्वानी में आग का कहर: अमेजन स्टोर में जिंदा जल गए दो कर्मचारी

उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में दो कर्मचारियों की जान चली गई। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में बने अमेजन स्टोर में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे स्टोर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख पास के ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों को स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्टोर में रखा अधिकांश सामान और पूरा परिसर जलकर राख हो चुका था।

इस दौरान स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारी आग और धुएं की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। साथ ही परिजनों को पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए सूचित किया गया है।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन घटना से स्तब्ध हैं।