मंगेतर को भेज दी युवती की अश्लील वीडियो, वायरल करने की धमकी से मचा हड़कंप; आरोपी फरार

उत्तराखंड के रुद्रपुर में युवती को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और बाद में उसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती की शादी कहीं और तय होने के बाद वीडियो उसके मंगेतर को भेज दी। विरोध करने पर अब आरोपी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रुद्रपुर निवासी महिला ने बताया कि उसकी बेटी की घास मंडी निवासी अर्जुन आर्य से जान-पहचान थी। आरोप है कि अर्जुन एक दिन युवती को अपने कमरे में ले गया। वहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को पिला दिया। इसके बाद उसकी अश्लील वीडियो बना ली।

कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान युवती का विवाह किसी अन्य युवक से तय हो गया। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर अर्जुन ने युवती की अश्लील वीडियो उसके मंगेतर को भेज दी। वीडियो भेजे जाने का पता चलने पर युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

परिजनों के मुताबिक, लगातार धमकी और ब्लैकमेलिंग से युवती मानसिक रूप से परेशान है। उसकी मां ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी अर्जुन आर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।