उत्तराखंड में खौफनाक सड़क हादसा, कार में फंसे चार लोग; भाई-बहन की मौत

उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह ऋषिकेश-ब्यासी मार्ग पर मालाकुंठी के पास एक कार और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। दुर्घटना में श्रीनगर निवासी भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

बताया गया कि सोमवार सुबह मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ब्यासी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ के मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के अनुसार, टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। सभी को वाहन से बाहर निकालने के बाद घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।

थाना मुनि की रेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे में ऋषभ सेमवाल (22) पुत्र राकेश सेमवाल और रक्षा सेमवाल (24) पुत्री राकेश सेमवाल, निवासी श्रीनगर की मौत हो गई। दोनों आपस में भाई-बहन बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में सुहानी पुत्री कमल सिंह, निवासी रानीहाट कीर्तिनगर और ईशानी गौड़ पुत्री संजीव गौड़ घायल हुई हैं।

हादसे की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।