‘उत्तराखंडियों का अपमान बर्दाश्त नहीं’, अखिलेश पर बरसे सीएम धामी

उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताए जाने के कथित बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव का वीडियो साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और यहां के लोगों के संघर्ष का अपमान है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने बयान में उत्तराखंड राज्य आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के लोग उस दौर को नहीं भूले हैं, जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उस समय उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई थीं।

धामी ने कहा कि एक ओर मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोली चली थी, वहीं अब उनके पुत्र द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अपने संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकती।

मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? धामी ने कांग्रेस से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और देवभूमि की जनता को जवाब देने की मांग की।