
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार वारदात में घरेलू सहायक समेत पांच आरोपित शामिल थे। घटना के बाद सभी आरोपित घर से निकलते हुए सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला बसंत विहार क्षेत्र में बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास रहने वाली भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर का है। घटना में अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत ठीक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पार्षद की बेटी मेघ ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए घर पर रखा था। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए।
आरोप है कि परिवार के बेहोश होने के बाद घरेलू सहायक ने अपने चार अन्य साथियों को घर में बुलाया। पांचों आरोपितों ने कथित तौर पर घर में रखे सोने के आभूषण समेटे और वहां से फरार हो गए। कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को होश आया तो उन्हें घर से आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें घटना के बाद पांचों आरोपितों के घर से निकलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों ने वारदात की साजिश पहले से तैयार की थी या फिर मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। घरेलू सहायक के घर में काम पर रखे जाने से लेकर उसके संपर्क में आए लोगों और घटना के बाद उनके संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी के लिए भी पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।







