राजौरी में ऑपरेशन के दौरान अल्मोड़ा के लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी शहीद

अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान भारतीय सेना के एक युवा अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए। वे उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले थे। उनकी शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स (White Knight Corps) ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, लेफ्टिनेंट गोस्वामी ‘ऑपरेशन शेरोवाली’ के तहत राजौरी के मंजाकोट इलाके में कठिन और दुर्गम जंगल क्षेत्र में ऑपरेशनल ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वे एक गहरी खाई में गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

बताया गया है कि यह पूरा इलाका बेहद चुनौतीपूर्ण है, जहां घने जंगल, ऊंची-नीची पहाड़ियां, फिसलन भरे रास्ते और खराब मौसम के कारण ऑपरेशन काफी कठिन हो जाता है। सुरक्षा बलों को यहां आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पिछले कई दिनों से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

सेना प्रवक्ता के मुताबिक, शहीद अधिकारी का पार्थिव शरीर पहले जम्मू एयर फोर्स स्टेशन लाया जाएगा। वहां सैन्य और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और अन्य गणमान्य लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव अल्मोड़ा भेजा जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल Manoj Sinha ने भी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया है।