उत्तराखंड न्यायपालिका में बड़ा फेरबदल, कई जिलों में बदलीं अहम जिम्मेदारियां

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार को लेकर अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल का तबादला देहरादून के जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद पर किया गया है। यह पद लंबे समय से रिक्त था और उनका तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इसके अलावा, नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, देहरादून की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

हाईकोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद पर नियुक्ति के लिए हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है। साथ ही, हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की भी सिफारिश की गई है। हालांकि, इन दोनों मामलों में नियुक्ति और अतिरिक्त प्रभार राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद ही प्रभावी होंगे।