
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष मुख्य हाईवे पर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर बरसाने लगे। सरेराह हुई इस हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है कि बीती रात किसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष प्रेमनगर थाने से कुछ दूरी पर मुख्य हाईवे पर पहुंच गए। यहां दोनों ओर से लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। वायरल वीडियो में कई लोग सड़क पर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ सड़क किनारे पड़ी ईंटें उठाकर दूसरे पक्ष पर फेंक रहे हैं।
झड़प में युवकों के अलावा महिलाएं और युवतियां भी शामिल नजर आ रही हैं। अचानक सड़क पर हुए इस बवाल से राहगीरों में भी दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया है और अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के कुछ लोगों के अस्पताल में उपचार कराने की जानकारी सामने आई है।
केहरी गांव में मुख्य हाईवे पर हुए इस विवाद ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामूली कहासुनी आखिर किस वजह से इतनी बड़ी हिंसक झड़प में बदल गई और इसमें कितने लोग शामिल थे।







