कूड़े के ढेर में मिली नवजात, पुलिस खंगाल रही जानकारी

उत्तराखंड के हरिद्वार में एक नवजात बच्ची के कूड़े के ढेर में मिलने का मामला सामने आया है। भगत सिंह चौक क्षेत्र में करीब सात दिन की मासूम बच्ची को बेसहारा छोड़ दिया गया। कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों का ध्यान उसकी ओर गया। पास जाकर देखने पर बच्ची रोती-बिलखती मिली, जिसके बाद उसे बचाने के लिए तत्काल प्रयास किए गए।

समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को अपनी गोद में लेकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि बच्ची को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मासूम के माता-पिता कौन हैं और उसे कूड़े के ढेर में किसने छोड़ा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।