ऑरेंज अलर्ट ने बढ़ाई चिंता, आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नैनीताल। कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंडल के सभी छह जिलों नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को एहतियातन पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने कहा कि सभी जिलों में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के साथ ही तहसील और ब्लॉक स्तर के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखे जाएं। किसी भी आपात स्थिति में सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू करें।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, विद्युत, पेयजल निगम, ब्रिडकुल, ग्रामीण निर्माण विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों और पर्याप्त मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि सड़क बंद होने या भूस्खलन जैसी स्थिति में यातायात बहाली का काम तत्काल शुरू किया जा सके।

दीपक रावत ने अधिकारियों को नदियों, नालों और गधेरों के किनारे रहने वाले लोगों के साथ-साथ भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में बसे परिवारों पर विशेष नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए।

आयुक्त ने आमजन से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।