उत्तराखंड शासन का बड़ा फैसला: आयुक्त पद से हटे पीसीएस धर्मशक्तू

उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए पीसीएस अधिकारी को आयुक्त (गन्ना एवं चीनी) पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। खास बात यह है कि अधिकारी को पद से हटाए जाने के बाद उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।

कार्मिक विभाग के अनु सचिव नागेश सिंह नेगी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि कार्यहित में यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार, चंद्र सिंह धर्मशक्तू को निर्देशित किया गया है कि वह तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर संबंधित आख्या शासन को प्रस्तुत करें।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, विभागीय कर्मचारियों द्वारा पीसीएस अधिकारी के व्यवहार को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। कर्मचारी संघ ने भी इस विषय में शासन को कई बार अवगत कराया था। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उधम सिंह नगर दौरे के दौरान भी यह मामला कर्मचारियों द्वारा उनके संज्ञान में लाया गया था, जिसके बाद शासन ने यह कार्रवाई की है।

फिलहाल चंद्र सिंह धर्मशक्तू को किसी नए विभाग में नियुक्त नहीं किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि उनकी नवीन तैनाती को लेकर पृथक से आदेश जारी किए जाएंगे।

इस घटनाक्रम के बीच प्रदेश में प्रस्तावित तबादला सूची को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर समीक्षा बैठक हो चुकी है। इसमें कुछ अधिकारियों की भूमिकाएं बदले जाने और कुछ की जिम्मेदारियां कम करने पर विचार किया गया है। हालांकि, तबादला सूची अब तक लंबित है और उसके सार्वजनिक होने का इंतजार किया जा रहा है।