

उत्तराखंड में आगामी 30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में यमुनोत्री धाम से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। गरुड़गंगा के समीप उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) द्वारा निर्माणाधीन हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की सफल ट्रायल लैंडिंग की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दो दिनों से UCADA का हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर लैंडिंग का प्रयास कर रहा था, जो अंततः सफल रहा। लगभग 60 लाख रुपये की लागत से ब्रिडकुल द्वारा बनाए जा रहे इस हेलीपैड का सरफेस वर्क पहले ही पूरा किया जा चुका है। ट्रायल लैंडिंग के जरिए क्षेत्र के मौसम, हवा की गति और अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया गया। मंगलवार को तकनीकी कारणों के चलते लैंडिंग असफल रही थी, लेकिन यहां हेलीकॉप्टर ने सफलतापूर्वक लैंडिंग कर यह परीक्षण पूरा कर लिया।
बड़कोट थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने ट्रायल लैंडिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि यह प्रयास पूरी तरह सफल रहा है। वहीं, यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने हेली सेवा की शुरुआत को यात्रा और आपातकालीन परिस्थितियों में “वरदान” बताया।
इधर, यमुनोत्री धाम में पिछले वर्ष जुलाई में यमुना नदी में आई बाढ़ के बाद हुए नुकसान की मरम्मत के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। मंदिर के पास जमा मलबे को हटाने और समतलीकरण का काम सिंचाई विभाग द्वारा मजदूरों की मदद से किया जा रहा है। जानकीचट्टी और गर्मकुंड क्षेत्र में बाढ़ से खासा नुकसान हुआ था। हालांकि कपाट बंद होने के बाद मरम्मत कार्यों में देरी हुई, लेकिन अब चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सरकार द्वारा 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।