
उत्तराखंड के सबसे बड़े दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के ओपीडी भवन के भूतल स्थित महिला शौचालय में एक युवक संदिग्ध हालत में छिपा मिला। आरोप है कि युवक फायर सेफ्टी के मोटे पाइप पर बैठकर महिलाओं की आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बना रहा था।
जानकारी के अनुसार, घटना करीब सुबह 11:30 बजे की बताई जा रही है। एक महिला मरीज जब शौचालय पहुंची तो उसकी नजर ऊपर बैठे युवक पर पड़ी, जिससे वह घबरा गई। महिला ने तुरंत बाहर आकर शोर मचाया। इसके बाद शौचालय में मौजूद अन्य महिलाओं ने भी युवक पर वीडियो बनाने का आरोप लगाया।
महिलाओं के शोर मचाने के बाद आरोपी कथित तौर पर धक्का देकर पिछले रास्ते से फरार हो गया। अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारियों के पहुंचने तक वह मौके से निकल चुका था। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी देर तक अस्पताल परिसर में घूमता रहा और करीब एक घंटे तक शौचालय के अंदर छिपा रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष बंद था और कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
एक महिला मरीज के पति ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, महिलाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा गार्डों की प्रतिक्रिया देर से हुई और अगर समय रहते कार्रवाई होती तो आरोपी को पकड़ा जा सकता था। सीसीटीवी व्यवस्था में भी खामियां सामने आने की बात कही जा रही है।







