कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और मातृभूमि की रक्षा कर पूरे विश्व के सामने भारतीय सेना की शक्ति और शौर्य का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अपने वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। राष्ट्र सदैव उनके त्याग का ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ‘वीरों की भूमि’ के रूप में जाना जाता है और प्रदेश के अनेक जवानों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने साहस और बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं का संचालन कर रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, पूर्व सैनिक, सेना के अधिकारी, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।