
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अभी भी तल्ख बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही बाधित हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताते हुए भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
भारी बारिश का असर चारधाम यात्रा पर भी दिखाई दे रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ राजमार्ग पर मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर ही रोक दिया है। मार्ग खुलने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश का तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाओं ने परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने के लिए निगरानी बनाए हुए हैं।







