
उत्तराखंड सरकार की ओर से राजकीय कर्मचारियों के समान विभिन्न निगमों में महंगाई भत्ता बढ़ाने के आदेश के बाद अब उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी अपने कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का लाभ देने का फैसला किया है। निगम ने महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 53 फीसदी से बढ़ाकर 55 फीसदी कर दिया है। इसका लाभ एक जुलाई 2026 से दिया जाएगा।
दरअसल, राज्य सरकार ने कुछ समय पहले राजकीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53 प्रतिशत से बढ़ाकर 55 प्रतिशत किया था। इसके बावजूद परिवहन निगम के कर्मचारियों को अब तक 53 प्रतिशत की दर से ही महंगाई भत्ता मिल रहा था। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही थी।
इसी क्रम में पिछले दिनों सचिवालय में आयोजित परिवहन निगम की बोर्ड बैठक में कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी। बोर्ड की स्वीकृति के बाद अब परिवहन निगम ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
शुक्रवार को परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने डीए बढ़ाने के आदेश जारी किए। आदेश के तहत कर्मचारियों को अब 55 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ी हुई दर का लाभ एक जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
महंगाई भत्ते में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा लाभ परिवहन निगम के करीब 2100 नियमित कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा निगम में कार्यरत करीब 3500 विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के देयकों में भी इसी के अनुरूप बढ़ोतरी होगी।
परिवहन निगम के इस फैसले से कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, कर्मचारी संगठनों की लंबे समय से चली आ रही डीए बढ़ाने की मांग भी पूरी हो गई है।






