
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को कार्यक्षेत्र से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी पौड़ी मनविंदर कौर ने निलंबन आदेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारी को खिर्सू ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध किया है।
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजकर बताया था कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के लंबे समय से कार्यस्थल से अनुपस्थित हैं। इसके अलावा, संबद्ध किए जाने के बावजूद भी वे ब्लॉक मुख्यालय पर उपस्थित नहीं हो रहे थे।
आरोप है कि उक्त अधिकारी को जनवरी, मार्च, जून, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर 2025 तथा जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 में कई बार नोटिस जारी कर कार्य से अनुपस्थित रहने का कारण पूछा गया, लेकिन उनके द्वारा किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी की लगातार अनुपस्थिति के चलते क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस पर खंड विकास अधिकारी ने उनके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की थी।
जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी सुशील थपलियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उन्हें खिर्सू ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच बीडीओ पौड़ी को सौंपी गई है।







