अमित शाह के निशाने पर कांग्रेस, धामी बोले- उत्तराखंड में गूंज रहा झूठ

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित जनसभा और उत्तराखंड पुलिस के राष्ट्रपति कलर अलंकरण समारोह कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे। इस दौरान 1475 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग वर्षों तक अलग राज्य की मांग को लेकर संघर्ष करते रहे। राज्य आंदोलन के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के इंडी गठबंधन पर युवाओं के साथ अत्याचार करने और उन्हें मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आंदोलनकारियों को नमन किया। रामपुर तिराहा सहित राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्षों को याद करते हुए शाह ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बाद जनसभा को संबोधित करने पहुंचे अमित शाह ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए राम-राम और नमस्कार किया। उन्होंने कहा कि यहां से राहुल गांधी तक आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में इस बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इस दौरान उन्होंने विजय संकल्प के साथ मुट्ठी भींचकर जय श्रीराम के नारे भी लगवाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गंगाजल भेंट किया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

जनसभा में मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस के युवराज और उनके नेता किस तरह भ्रम फैलाकर राजनीतिक हित साधने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां उन्होंने छात्रों की गूंज नहीं, बल्कि झूठ की गूंज का कार्यक्रम किया।

धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक विकास प्राधिकरण बनाया है, ताकि सभी को समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो सकें।

अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अंकिता के हत्यारों को सजा दिलाई है, लेकिन कांग्रेस इस मामले को लेकर जनता के बीच गलत प्रचार कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचारों और जेनी जैसे मामलों को भूलने का आरोप भी लगाया।