
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून पुलिस लाइन में शनिवार को ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हिस्सा लिया और लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘रन फॉर योगा’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के प्रति जागरूक करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा की भूमि है तथा योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और वेलनेस के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग को वैश्विक पहचान मिल चुकी है और दुनिया के 190 से अधिक देशों में लोग योग को अपना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग करने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध तथा सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।







