
उत्तराखंड कांग्रेस ने चुनाव संबंधी अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े कथित मामलों को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर सचिवालय घेराव के लिए निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सुभाष रोड स्थित आयकर कार्यालय के पास रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इससे पहले प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश कार्यालय से जुलूस के रूप में सचिवालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने यह प्रदर्शन चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया है। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग भी की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस ने 25 सितंबर को प्रदेश स्तर और 28 सितंबर को जिला स्तर पर विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया है।
वहीं, चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर आयोग की ओर से यह पक्ष सामने आया है कि एसआईआर समेत हाल की नई पहलों से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।






