
हल्द्वानी। प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर प्रशासन ने 13 जून से 16 जून तक विस्तृत यातायात व्यवस्था और डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, भवाली और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों के संचालन पर सख्त नियंत्रण रहेगा तथा कई मार्गों को डायवर्ट किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।
प्रशासन के अनुसार बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, बरेली रोड और अन्य प्रमुख मार्गों से डायवर्ट कर निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा। काठगोदाम रेलवे स्टेशन, नगर निगम पार्किंग, विकास भवन भीमताल, भवाली सैनेटोरियम और अन्य स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रामनगर, दिल्ली, हरिद्वार और एनसीआर की ओर से आने वाले वाहनों को नयागांव, लामाचौड़, आरटीओ रोड, तीनपानी और गोलापार होते हुए काठगोदाम की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां वाहनों को पार्क कर शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा। इसी प्रकार रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले वाहनों के लिए भी गोलापार और काठगोदाम क्षेत्र में पार्किंग निर्धारित की गई है।
भीमताल और भवाली क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विकास भवन भीमताल और सैनेटोरियम भवाली को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। वहीं अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों को खैरना और भीमताल में पार्किंग कर शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा।
मेले के दौरान 13 जून से 16 जून तक भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन लगभग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को सीमित समय में अनुमति दी जाएगी। रोडवेज और केएमयू बसों के संचालन को भी निर्धारित समय और मार्गों के अनुसार नियंत्रित किया गया है।
छोटे वाहनों के लिए भी विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू रहेगा, जिसके तहत नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल और भवाली से कैंची धाम जाने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा। वहीं दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी कई स्थानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन, रोडवेज स्टेशन, भवाली, भीमताल, खैरना और गौलापार आईएसबीटी सहित कुल 10 प्रमुख स्थानों से शटल सेवा संचालन की व्यवस्था की है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे क्षेत्र में दर्जनों डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा ताकि भीड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें और सहयोग करें ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।







