हल्द्वानी नगर निगम ने शुरू किया स्वच्छता अभियान, मेयर ने दिलाई शपथ

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम कार्यालय में गुरुवार को भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान नगर निगम परिवार और शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। इसके बाद ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया।

‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के माध्यम से शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता गतिविधियों को गति देने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज सृजन, निर्माण और कर्म के देवता के रूप में पूजित हैं। उनकी पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और प्रगति का संचार हो।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, पार्षद सचिन तिवारी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, मदन फर्त्याल, राहत मसीह, सुनील चौधरी समेत भाजपा कार्यकर्ता और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।