
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा सवार युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भाग निकला। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसे प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, हरबंसवाला बैरियर पर देर रात सघन वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा को रोकने की कोशिश की गई। चालक चेकिंग प्वाइंट से निकलकर टी-स्टेट की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक्टिवा बरामद की। जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही पुलिस ने बुजुर्ग महिला से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, आकाश उर्फ तमंचा के खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।







