
उत्तराखंड में बुधवार को एक बार फिर भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। चमोली जिले में आधे घंटे के भीतर दो बार भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, बुधवार सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर चमोली में 4.1 मैग्नीट्यूड तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। इसका केंद्र जोशीमठ से करीब 19 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
पहले भूकंप के करीब आधे घंटे बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक बार फिर चमोली की धरती कांप उठी। इस बार भूकंप की तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। इसका केंद्र जोशीमठ से 24 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में था।
लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस होने से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बन गया। फिलहाल दोनों भूकंपों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।









