बाजपुर सिविल न्यायालय में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, कर्मचारी 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने सिविल न्यायालय बाजपुर में छापेमारी कर दीवानी नाजिर शाखा में तैनात कर्मचारी ओम बाबू को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2, बाजपुर निवासी शाहिद ने विजिलेंस से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के बावजूद केस की प्रक्रिया पूरी कर फाइल निस्तारित कराने के एवज में कर्मचारी ने 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपी कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने विजिलेंस टीम से कार्रवाई के संबंध में जानकारी मांगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर शांत कराया।

समाचार लिखे जाने तक विजिलेंस विभाग की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। आरोपी कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस और प्रशासन न्यायालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।