वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो चुनाव में नहीं डाल पाएंगे वोट, 11 दिसंबर तक करा लें पंजीकरण

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और गलतियों को ठीक कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में यह प्रक्रिया 11 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान नए मतदाता अपना नाम दर्ज करा सकेंगे, जबकि पहले से सूची में शामिल लोग नाम, उम्र और फोटो संबंधी त्रुटियों को ठीक करवा सकेंगे। दूसरी जगह रहने चले गए मतदाताओं को भी पुरानी सूची से नाम हटवाने की सुविधा मिलेगी।

इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट एवं हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एपी बाजपेयी ने तहसील सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलने वाले विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी सूची देखी जा सकती है।

अधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र लोगों को नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरना होगा। सूची में दर्ज जानकारी में सुधार के लिए फार्म-8 और पुरानी जगह से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा। आवेदन की सुविधा नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप पर भी उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर भी आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के अधिकार का प्रयोग करने में कोई दिक्कत न हो।