
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। दोनों ने मदन को सुनसान जंगल में बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को दरेड़ नदी के किनारे खाई में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से देहरादून में रह रहा था और मांडूवाला में किराये के मकान में पत्नी मीना और दो बच्चों के साथ रहता था। उसकी बेटी करीब 14 वर्ष और बेटा करीब 12 वर्ष का है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मीना का पूर्व प्रेमी करीब पांच-छह महीने पहले उसका पीछा करते हुए देहरादून पहुंचा था। इसके बाद दोनों के बीच दोबारा मेलजोल बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, मदन को दोनों के संबंधों की जानकारी होने और उनके बीच आने के बाद आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत मदन को सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में दरेड़ नदी के किनारे स्थित खाई में फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर शक हुआ। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान, घटनास्थल और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।







