
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में अस्पताल से घर लौट रही युवती के साथ रास्ते में अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने युवती को रास्ते में रोककर पहले उससे पूछताछ की और फिर अपनी कार के अंदर झांकने के लिए कहा। युवती के गाड़ी में झांकते ही आरोपी ने अश्लील हरकत शुरू कर दी। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की फोटो खींच ली। फोटो खींचे जाने का पता चलते ही आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, शांति कालोनी निवासी युवती ने शिकायत में बताया कि नौ सितंबर की शाम वह अस्पताल से अपने घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोपी उससे बार-बार सवाल करने लगा। युवती जब वहां से जाने लगी तो उसने उसे अपनी गाड़ी के अंदर देखने के लिए कहा।
युवती ने बताया कि आरोपी के कहने पर जैसे ही उसने गाड़ी के अंदर झांका, उसने अश्लील हरकत शुरू कर दी और उसे गंदी नजर से देखने लगा। युवती ने तत्काल मोबाइल से आरोपी की फोटो खींच ली। फोटो खींचे जाने की जानकारी होते ही आरोपी तेज गति से वाहन चलाकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने पुलिस को आरोपी के वाहन का नंबर यूके-06-सीए-4653 बताया है। साथ ही आरोपी की फोटो भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। युवती ने फोटो और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फोटो और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







