
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर और सम्मानपूर्वक उसका अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। राज्य का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त के तहत 9,87,017 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
जुलाई माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये दिए गए। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 35.54 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
इसी तरह दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये, किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ रुपये और परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 99.40 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
इसके अलावा भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 26.35 लाख रुपये और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1.52 लाख रुपये की राशि जारी की गई।
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







