पर्यटकों की बंपर एंट्री से बिगड़ी तस्वीरः नैनीताल के रास्ते जाम, पार्किंग पड़ गई कम

नैनीताल। तीन दिनी वीकेंड पर सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद ने यातायात व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर के प्रमुख एंट्री मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं हल्द्वानी में भी भारी यातायात दबाव के कारण व्यवस्था प्रभावित रही।

पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही विशेष यातायात प्लान लागू किया। हल्द्वानी रोड से नैनीताल की ओर आने वाले वाहनों को रूसी और कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहनों को नारायण नगर पर रोककर शटल सेवा के जरिए शहर भेजने की व्यवस्था की गई। इसके बावजूद एंट्री प्वाइंट पर वाहनों की लंबी कतार लगती रही और जाम से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।

बताया गया कि दो अक्टूबर के बाद शनिवार और रविवार को तीन दिनी वीकेंड होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना थी। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई पर्यटकों की आमद शनिवार दोपहर बाद तक जारी रही। शहर के डीएसए मैदान, मेट्रोपोल, सूखाताल समेत अन्य पार्किंग स्थल सुबह ही वाहनों से भर गए। पार्किंग फुल होने के बाद पर्यटक वाहनों का दबाव सड़कों पर बढ़ता चला गया।

नैनीताल के साथ कैंची धाम जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से भवाली रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। भवाली से ज्योलीकोट तक करीब छह किलोमीटर और हल्द्वानी मार्ग पर भूमियाधार तक वाहनों की कतार देखी गई।

एंट्री प्वाइंट पर पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से वहां इंतजार कर रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की ओर से वाहनों को नियंत्रित करने और शटल सेवा चलाने की व्यवस्था की गई, लेकिन पर्यटकों की भारी संख्या के सामने यातायात का दबाव बना रहा।

वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ी भीड़ के कारण शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि आसपास के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ। इससे पर्यटकों को जाम में घंटों फंसे रहना पड़ा और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।