
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चंदन नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े सात दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो में सवार चालक समेत चार युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल बोलेरो पर ‘उप कृषि निदेशक सांख्यिकी’ का बोर्ड लगा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन विभाग में अनुबंध पर लगाया गया है। देर रात अचानक हुई टक्कर से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बोलेरो में सवार युवक नशे की हालत में थे। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटवाकर कोतवाली पहुंचाया। हादसे में घायल युवक को चोटें आई हैं। वहीं, वाहन क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।
नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए लोगों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो विभाग में अनुबंध पर लगी हुई है। चालक नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।









