धीरे-धीरे लौट रहा मानसून, मैदानों में बढ़ेगी गर्मी, पहाड़ों में हल्की फुहारें संभव

उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई मैदानी क्षेत्रों से मानसून लौट चुका है, और आगामी तीन दिनों के भीतर पूरे प्रदेश से मानसून की पूरी तरह से विदाई हो जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा बुधवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं। इसके अलावा, 29 सितंबर तक पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं, जिसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों में कई इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे मानसून कमजोर होगा, दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

मानसून की विदाई के साथ ही राज्य के मैदानी इलाकों में एक बार फिर से गर्मी महसूस की जा रही है। विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर और नैनीताल के तराई क्षेत्रों में धूप और उमस की स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।

Ad