
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। बीच सड़क पर कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई और उनकी कार में लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला गुरुकुल नारसन गांव का है। बताया जा रहा है कि फेसबुक पर की गई एक कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से तनाव बना हुआ था। शनिवार को टिप्पणी करने वाले युवक के चार दोस्त कार से गुरुकुल नारसन क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी कार को रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि कार रोकने के बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से वाहन पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद कार में सवार युवकों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की गई। किसी तरह पीड़ित वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जांच के दौरान पुलिस के सामने कुछ और तथ्य भी आए हैं। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पहले भी ऐसे वीडियो सामने आए थे, जिनमें कुछ युवक हथियार जैसी वस्तुएं लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। इसके अलावा कुछ दिन पहले क्षेत्र में हुई हवाई फायरिंग की घटना के संबंध में भी पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि इन मामलों के बीच संबंधों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले में सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है।







