डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्र संगठनों में घमासानः ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, मचा हंगामा

देहरादून। डीबीएस पीजी कॉलेज में गुरुवार को छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते ABVP और NSUI से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। कुछ देर तक कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।

फिलहाल दोनों छात्र संगठनों के बीच विवाद की ठीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मारपीट में शामिल छात्रों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।