
हैदराबाद में करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। इस पूरे ऑपरेशन में तेलंगाना, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के गच्चीबाउली इलाके में एक कारोबारी के घर से करीब एक किलो सोने के गहने और हीरे चोरी हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि चोरी में घर में काम करने वाला नेपाली मूल का दंपति शामिल है, जिसे कुछ समय पहले ही काम पर रखा गया था।
कारोबारी परिवार के मुंबई दौरे से लौटने पर घर से कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद गच्चीबाउली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और विशेष जांच टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी चोरी की ज्वेलरी के साथ उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में हैं।
सोमवार देर रात तेलंगाना के साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने एसओजी और स्थानीय पुलिस टीमों को सक्रिय कर रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। ऑपरेशन की निगरानी स्वयं एसएसपी अजय गणपति कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध एक रोडवेज बस में सवार होकर आगे बढ़ रहे हैं। उत्तराखंड पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट किया और संयुक्त टीम ने बस का पीछा करते हुए रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में उसे रुकवा लिया।
बस की तलाशी के दौरान दो महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया गया। जांच में उनके पास से चोरी की गई करोड़ों रुपये की ज्वेलरी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी नेपाली मूल के हैं और नेपाल भागने की फिराक में थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी हैदराबाद से करीब 1700 किलोमीटर का सफर तय कर रुद्रपुर तक पहुंच चुके थे। रुद्रपुर से नेपाल सीमा की दूरी अधिक नहीं थी और यदि पुलिस को सूचना मिलने में थोड़ी भी देरी होती तो आरोपी सीमा पार कर सकते थे, जिसके बाद उन्हें पकड़ना कहीं अधिक मुश्किल हो जाता।
फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी की गई ज्वेलरी को नेपाल ले जाकर क्या योजना बनाई गई थी। मामले में तेलंगाना पुलिस विस्तृत जानकारी साझा करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी।







