चोरों ने घर में बोला धावा, ताला तोड़कर नकदी और जमीन के दस्तावेजों पर किया हाथ साफ

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। वारदात शुक्रवार देर रात वार्ड नंबर-2 स्थित एक स्कूल के पास हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 निवासी रोहताश शर्मा शुक्रवार शाम रोजाना की तरह अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित आम के बाग में चले गए थे। देर रात घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

बताया जा रहा है कि चोर घर में रखे संदूक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जमीन के अहम दस्तावेज लेकर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, नकदी बाग के मालिक को भुगतान करने के लिए रखी गई थी।

शनिवार सुबह रोहताश शर्मा के बड़े बेटे गौरव शर्मा जब घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।