24 घंटे में तीन हत्याओं से दहला देहरादून, नशेड़ी बेटे ने पिता को चाकू से गोदकर मार डाला

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। बीते 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं की घटनाओं से राजधानी दहल उठी है। मामूली विवाद से लेकर संपत्ति विवाद और नशे की लत ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। ताजा घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है, जहां नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा (62) को उनके बेटे नितिन राणा (35) ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ के रुपये देने से इन्कार करने पर नितिन दरांती लेकर उस पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को समझाने और रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। इस बात से गुस्साए नितिन ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देहरादून में हत्या की पहली घटना सुरी चौक पर सामने आई। यहां लड़कों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अर्श के दोस्त उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वहां से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने दोस्तों पर संदेह जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला की है। यहां संपत्ति विवाद में गौरव नाम के युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।