
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर राजधानी देहरादून में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रातभर हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। भारी बारिश के कारण कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे स्थित तीन मकान ध्वस्त हो गए। वहीं चंद्रबनी समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी बहने लगा और कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद सुबह कारगी ग्रांट क्षेत्र के बिस्मिल्लाह चौक और बंजारावाला-चानचक चौक के आसपास हालात बिगड़ गए। मुस्लिम बस्ती के पास दो दुकानें और एक मकान ढह गया। मकान और दुकानों के अचानक ध्वस्त होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घरों और दुकानों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे बने तीन मकानों के ढहने से लोगों में दहशत फैल गई। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते नदी किनारे रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। मकानों के ध्वस्त होने के बाद आसपास के लोग भी सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
उधर, चंद्रबनी क्षेत्र में बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा। देखते ही देखते कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। निचले इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई। कई मकानों में बारिश का पानी घुसने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
राजधानी में देर रात से शुरू हुई तेज बारिश का असर सुबह तक कई इलाकों में दिखाई दिया। नदी-नालों के उफान पर आने और जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए रात भारी रही। लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।







