हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: दूध लेकर लौट रहे बुजुर्ग को कैंटर ने कुचला, मौके पर मौत

हल्द्वानी: लालकुआं के हल्दूचौड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार दूध से भरे कैंटर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पेशकारपुर निवासी हरीश चंदोला (77) पुत्र भोला दत्त रोज की तरह सुबह दूध लेकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सवारिया बैंक्वेट हॉल के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हरीश चंदोला अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, पुलिस हादसे के कारणों की भी गहन पड़ताल कर रही है।