बारिश के बीच दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में 4 लोग दबे; 3 की तलाश जारी

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। जगह-जगह भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में मंगलवार सुबह बारिश के दौरान एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मकान में परिवार के चार लोग मौजूद थे, जो मलबे में दब गए।

घटना सुबह करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। मकान ढहने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल महिला को तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

वहीं, मलबे में दबे तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है। इनमें एक दो साल का बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, पटवारी और चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।

लगातार बारिश के कारण पौड़ी जिले के कई इलाकों में भूस्खलन से सड़कें प्रभावित हुई हैं। स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचीं और अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने सभी बाधित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोलने के निर्देश दिए।

सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से सुचारू कर दिया गया है। वहीं गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को खोलने के लिए भी जेसीबी मौके पर भेजी गई है।

जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की भी समीक्षा की। फीडर ब्रेकडाउन होने की स्थिति में विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

बारिश के चलते नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। फिलहाल महरगांव में मलबे में दबे तीन लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।