SIR के बाद साफ हुई तस्वीरः उत्तराखंड में अब 71,58,949 मतदाता, जानें कितना बदला आंकड़ा

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रेस वार्ता में अंतिम मतदाता सूची के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पुनरीक्षण के दौरान प्रदेश में कुल 9,31,685 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 1,29,872 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में SIR की प्रक्रिया 8 जून से शुरू हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 79 लाख मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 71,33,785 रह गई थी।

SIR की पूरी प्रक्रिया, सत्यापन और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब जारी अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। इस तरह ड्राफ्ट सूची के मुकाबले अंतिम सूची में 25,164 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसमें नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया का भी योगदान रहा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का विभिन्न स्तरों पर सत्यापन किया गया। साथ ही पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। अंतिम सूची जारी होने के साथ प्रदेश में मतदाताओं की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। निर्वाचन विभाग की ओर से अब नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी जानकारी दी गई है।